फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: किशोरी को झोंपड़ी से खींच ले गया मगरमच्छ, अधखाया शव मिला

विज्ञापन
नाले के पास मौजूद परिजन   स्रोत : ग्रामीण
विज्ञापन
धौरहरा (खीरी)। झोंपड़ी में बैठी ईसानगर थाना क्षेत्र के पचासा मजरा ओझापुरवा गांव निवासी किशाेरी को सोतिया नाले से निकला मगरमच्छ पानी में खींच ले गया। काफी खोजबीन के बाद किशोरी का शव घर से करीब तीन किलोमीटर दूर बहराइच जिले में मोतीपुर रेंज में नाले से बरामद हुआ। अधखाया शव मिलने के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। वन विभाग ने पांच लाख की आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही है।
विज्ञापन

वन रेंज धौरहरा थाना ईसानगर क्षेत्र के पचासा मजरा ओझापुरवा गांव निवासी शेखर की 12 वर्षीय पुत्री रूपा देवी रविवार शाम घर के बाहर झोंपड़ी में बैठी थी। तभी घाघरा नदी के सोतिया नाले से निकले मगरमच्छ ने रूपा पर हमला कर दिया और उसे नाले में खींच ले गया। यह देख घर में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने नाले में किशोरी की तलाश शुरू की। सोमवार सुबह किशोरी का अधखाया शव बहराइच जिले के मोतीपुर रेंज क्षेत्र में नाले से बरामद हुआ है। शव मिलने के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि किशोरी का शव बरामद हो गया है। फौरी तौर पर परिजनों को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी गई है। जल्द ही पांच लाख रुपये सहायता राशि भी दिलाई जाएगी।
विज्ञापन



बाघ ने दो पालतू बकरियों का किया शिकार



बांकेगंज। बंजरिया गांव आबादी से सटे गन्ने खेत निकले बाघ ने मेड़ पर चर रही दो पालतू बकरियों को मार डाला। चरवाहों के शाेर मचाने पर वह एक बकरी को गन्ने में खींच ले गया और उसे खा गया।



सोमवार शाम छह बजे के करीब गोला रेंज के जंगल से सटे बंजरिया गांव निवासी श्यामलाल की पालतू बकरियां खेत की मेड़ पर चर रही थीं। इस दौरान गन्ने के खेत में छिपे बैठे बाघ ने हमला कर दो बकरियों को मार डाला। यह देख चरवाहों के होश उड़ गए। उनके शोर मचाने पर बाघ एक बकरी को गन्ने के खेत में ले जाकर उसे निवाला बनाया, जबकि दूसरी बकरी को घटनास्थल से नहीं ले जा पाया। आबादी के पास बाघ की मौजूदगी से ग्रामीण दहशत में हैं। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है। संवाद




बाघ के हमले में घायल रामू को इलाज की आस



- 22 अगस्त को बाघ ने हमला कर किया था घायल, नहीं मिली मुआवजा राशि



संवाद न्यूज एजेंसी



महंगापुर/पलियाकलां। बीती 22 अगस्त को बाघ के हमले में घायल लगदहन गांव निवासी रामू को अबतक वन विभाग से मुआवजा नहीं मिला है। लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती रामू मुआवजा मिलने पर बेहतर इलाज की आस लगाए है। परिजनों की भी माली हालत ठीक नहीं है। उधर, वन विभाग ने जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने की बात कही है।



लगदहन गांव निवासी जमुना प्रसाद का पुत्र रामू 22 अगस्त की शाम 3:30 बजे खेत पर चारा लेने गया था। गन्ने के खेत में छिपे बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया। बाघ के हमले में घायल रामू को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।



जिला अस्पताल से प्राथमिक इलाज के बाद उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा गया। परिजनों का आरोप है कि वन विभाग की तरफ से सहायता राशि अबतक नहीं दी गई है। जो पैसा था इलाज में लगा दिया। अब उनके पास इलाज में लगाने के लिए रुपये नहीं बचे हैं। इस बारे में पलिया रेंजर विनय कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें