गहलुइया दरगाह से लौटते समय एक महिला रेलवे स्टेशन से गुम हो गई। परिवारवालों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना जीआरपी मैलानी को बुधवार को दी है।
जिले के महेवागंज गांव निवासी मेवाराम की तीस वर्षीय विवाहित पुत्री सविता पत्नी कमलेश अपनी मां सुशीला के साथ 17 सितंबर को गहलुइया मस्तान मियां की दरगाह पर गई थी। 18 सितंबर को दोनों सुबह बरेली-गोंडा पैसेंजर से मैलानी पहुंची। यहां से मां-बेटी को लखीमपुर जाने वाली ट्रेन में सवार होना था, सो स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करने लगीं। इसी बीच सविता किसी समय गोंडा जाने वाली ट्रेन में सवार हो गई। मां ने देखा कि सविता गलत ट्रेन में सवार हो गई है, जब तक मां उसे उतारने के लिए उस ट्रेन पर पहुंचीं ट्रेन चल दी और सविता उसी ट्रेन में चली गई। मां के मुताबिक सविता की मानसिक दशा ठीक नहीं थी, उसे दिखाने के लिए ही वह गहलुइया गईं थीं। काफी खोजबीन के बाद भी न मिलने पर परिवारवालों ने जीआरपी में सविता की गुमशुदगी की सूचना बुधवार को जीआरपी में दी।