- चार माह पूर्व हो चुकी है मृतका के पति की मौत
- गांव के ही दो भाइयों पर हत्या का आरोप, तहरीर दी
कोतवाली क्षेत्र के गांव तेदुआकंजा में बेवा 45 वर्षीय अनीता देवी की गला दबाकर हत्या कर दी गई और हत्यारों ने उसके शव को एक खेत में डाल दिया। गुरुवार को महिला का शव खेत से बरामद हुआ। उसके गले में साड़ी का फंदा कसा हुआ था। कान से खून बह रहा था। शव की शिनाख्त उसके पुत्र ओमवीर ने अपनी मां अनीता देवी के रूप में की है। पुत्र ओमवीर ने गांव के ही दो सगे भाइयों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतका के पुत्र ओमवीर ने बताया कि उसके पिता परमेश्वरदीन की मौत होली से पहले हो गई थी। वह शाहजहांपुर में रहकर मजदूरी करता है। उसकी मां अनीता देवी गांव में ही रह रही थी। गांव के एक तांत्रिक व्यक्ति का उसके घर आना जाना था। उसने उसकी मां को अपने वश में कर लिया। कुछ दिनों तक मामला यूं ही चलता रहा, लेकिन बाद में वह उसकी मां को मारपीट कर तंग करने लगा। इसकी शिकायत तीन दिन पहले मृतका ने अपनी विवाहित बेटी मिंटू को फोन पर दी और बताया कि अब वह यहां नहीं रहना चाहती, क्योंकि यह लोग उसे मार डालेंगे। गुरुवार की उसकी मां का शव गांव के बाहर एक खेत में मिला। उसके कान से खून बह रहा था। आंख में भी चोट के निशान थे। गर्दन उसकी ही धोती से कसी हुई थी। ग्रामीणों ने शाहजहांपुर में रह रहे मृतका के पुत्र ओमवीर तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे ओमवीर ने शव की शिनाख्त अपनी मां अनीता के रूप में की है। उसने गांव निवासी तांत्रिक समेत दो भाइयों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी कोतवाल आनंद शाही का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। मृतका की तीन पुत्रियां मिंटू, गीता और रीता विवाहित हैं, जबकि बड़ा पुत्र ओमवीर शाहजहांपुर रहकर मजदूरी करता है। छोटा पुत्र पांच वर्षीय सूरजपाल और पुत्री सात वर्षीय लक्ष्मी मां के साथ गांव में रहती थी।