हीरालाल धर्मशाला के पास का मामला, बाइक मालिक ने पुलिस को सौंपा
शहर में काफी समय से सक्रिय है बाइक चोर गैंग
बाइक चोर गैंग पर पुलिस नहीं कस पा रही नकेल
हीरालाल धर्मशाला के पास स्थित होटल के सामने खड़ी बाइक चोरी कर भाग रहे दो युवकों को बाइक स्वामी ने स्थानीय लोगों की मदद से दबोच लिया। गुस्साए लोगों ने दोनों की पहले जमकर पिटाई की। बाद में सदर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। बाइक स्वामी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
मोहल्ला ईदगाह निवासी घनश्याम वाजपेई ने बताया कि हीरालाल धर्मशाला के पास उनका होटल है। होटल के सामने उन्होंने खड़ी कर दी और जाकर होटल में बैठ गए। कुछ समय बाद दो युवक आए और उनकी बाइक पर बैठ गए। दोनों युवकों ने बैठे-बैठे बाइक का लॉक तोड़ दिया और उसे लेकर जैसे ही आगे बढ़े। उन्होंने शोरशराबा कर आरोपियों को दौड़ा लिया। भाग रहे दोनो आरोपियों को स्थानीय लोगों की मदद से दबोच लिया गया। गुस्साए लोगों ने दोनों की पहले पिटाई की। बाद में कोतवाली सदर पुलिस को सौंप दिया।
सदर कोतवाल एसपी उपाध्याय ने बताया कि दोनों आरोपी सीतापुर जिले के थाना लहरपुर के गांव बैरठी और बहेड़ी ललिपुर के निवासी बताए गए हैं। बाइक स्वामी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। शहर से चोरी गई अन्य बाइकों के बार में भी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बता दें कि शहर में बाइक चोर गैंग काफी लंबे अर्से से सक्रिय है, लेकिन पुलिस बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।