अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों ने अज्ञात कारणों के चलते जहर खा
लिया, जिसके बाद हालत बिगड़ने पर दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया
गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। डॉक्टर की सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है।
फरधान थाना क्षेत्र के गांव प्रतापपुर निवासी 25 धीरज कुमार ने बृहस्पतिवार की सुबह घर में जहर खा लिया, जिसके बाद घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घरवालों के मुताबिक धीरज की एक माह पहले लकेसर गांव से शादी हुई थी, जिसके बाद दो दिन पहले उसकी पत्नी विदा होकर आई थी। आत्महत्या के कारणों के बारे में घरवालों ने जानकारी होने से इंकार किया है। दूसरा मामला सीतापुर के थाना लहरपुर के गांव मंगलीपुरवा का है, जहां 27 वर्षीय रामचंद्र ने किसी बात को लेकर जहर खा लिया। इसके बाद घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घरवालों ने जहर खाने के कारण की जानकारी से इंकार किया है।