मोहम्मदी वनकर्मियों ने दो अलग-अलग मामलों में दो लाख रुपये का जुर्माना वसूल कर एक आरोपी का चालान भेज दिया। साथ ही नामजदों की तलाश में कई स्थानों पर छापे मारे। वनकर्मियों की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा है।
पसगवां थाना क्षेत्र के गांव बरनईया में ठेकेदार और खेत मालिक की मिलीभगत से हो रहे हरे आम के पेड़ों के कटान में वनकर्मी मौके पर पहुंच गए थे। वन दरोगा इखलाक अहमद, वनरक्षक शिव कुमार सहित कई वनकर्मियों ने आरोपी देवराज को गिरफ्तार कर लिया। इसी क्रम में शाहजहांपुर रोड स्थित गांव महमदपुर में क्रेशर के अंदर खड़े 56 सागौन के पेड़ों को बिना परमिट के काटे जाने के मामले में दो लाख रुपये प्रतिकर के रूप में वसूल किया गया। वन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए तमाम जगहों पर छापेमारी की गई, जिससे वन माफियां में हड़कंप मचा हुआ है। उधर वन अधिवक्ता जियाउल्ला खान ने बताया कि अवैध कटान के आरोपी देवराज को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत पर छोड़ दिया गया है।