राजापुर चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान आराोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
सदर कोतवाली क्षेत्र के राजापुर में वाहन चेकिंग केे दौरान पुलिस ने दो ऑटोलिफ्टरों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है, उनके पास से एक बाइक बरामद हुई। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन और बाइकें खेत से बरामद की है। तलाशी में दोनों आरोपियों के पास से तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि चुनाव आचार संहिता के मद्देनजर शनिवार की रात को राजापुर चौराहे पर राजापुर चौकी इंचार्ज अनिल कुमार सिंह, अरविंद कुमार राय, रोडवेज चौकी इंचार्ज सूर्यमणि यादव पुलिस फोर्स के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक को रुकने का इशारा किया गया, तो वह भागने लगा। इस पर पुलिस ने घेरकर बाइक सवार दो लोगों को पकड़ लिया और उनसे बाइक के कागज मांगे। पूछताछ में दोनों युवकों की पहचान निघासन के डंडूरी गांव निवासी नसीमुद्दीन उर्फ छुटकन्ने और कमसर अली के तौर पर हुई। आरोपियों ने बताया कि बाइक को फूलबेहड़ के पतरासी से 26 जनवरी 2017 को चोरी किया था। इसे बेचने के लिए जा रहे थे। तलाशी में दो तमंचे 12 बोर और 15 बोर के बरामद हुए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अन्य तीन बाइकें गल्ला मंडी के पीछे एक खेत में छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। कोतवाल के मुताबिक पुलिस ने मौके पर जाकर गन्ने की पत्ती के नीचे छिपाकर रखी गई तीन बाइकें बरामद की है, जिनमें एक बिना नंबर की अपाचे बाइक शामिल है। जबकि तीन बाइकों पर यूपी 31 एडी 9798, यूपी 31 एजी 8997 और यूपी 31 एन 3133 की नंबर प्लेट लगी हुई है। कोतवाल ने बताया कि इनके साथियों की तलाश की जा रही हैै, जिनसे कुछ और बाइक बरामद हो सकती हैं।