बच्चों के विवाद में बिगड़ा माहौल, 40-50 ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज, छह गिरफ्तार
थाना गोला क्षेत्र के ग्राम ढोगंवा बरगदिया में बच्चों के विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिगड़ते माहौल को देखते हुए हल्का दरोगा ने 12 लोगों को नामजद कर 40-50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छह को गिरफ्तार कर लिया। गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है।
हल्का दरोगा नरेंद्र सिंह ने दर्ज करवाई रिपोर्ट में लिखा है कि वह अपने हल्के में रजागंज के पास पहुंचे तो मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरगदिया में दो पक्ष बच्चों को लेकर झगड़ा कर रहे हैं। जब वह पहुंचे तो दोनों तरफ से कुछ व्यक्ति आपस में लाठी, डंडे, कांता लिए एक दूसरे पर पथराव कर अपशब्द कह रहे थे। गांव में अफरा-तफरी मची थी। चेतावनी के बाद भी दोनों पक्ष नहीं हटे तो अतिरिक्त फोर्स व पीएसी बुलानी पड़ी। तब वह लोग भाग गए। कोतवाली में रहीस अहमद, जलीस अहमद, शकील, नफीस, वकील, आमीन, नसीम, अनुज कुमार वर्मा, सुशील कुमार, श्यामजी, बद्रीप्रसाद और 40-50 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अनुज, सुशील, श्यामजी, आमीन, रईश और नसीम को गिरफ्तार कर लिया है।