थाना सिंगाही क्षेत्र के गांव मोतीपुर निवासी युवक की बाइक गांव नयापुरवा के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से अनियंत्रित होकर पलटी ट्रॉली के नीचे आकर उनकी मौत हो गई। वहीं, निघासन क्षेत्र में इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर घर लौट रही छात्रा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
हादसा बेलरायां-तिकुनियां मार्ग पर हुआ। गांव मोतीपुर निवासी विद्याधर वर्मा ने बताया मंगलवार को उनकी पुत्री रेनू की ननद की शादी थी। मंगलवार की शाम पुत्र अरविंद वर्मा(40) अपने बहनोई के साथ शादी समारोह में शामिल होने पड़ोस के गांव सूरतनगर बाइक से जा रहा था। कई महीनों से नए निर्माण के लिए खोदकर डाले गए बेलरायां-तिकुनियां मार्ग पर शाम करीब आठ बजे नयापुरवा के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान अरविंद ट्रॉली के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके बहनोई को भी चोटें आईं। सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में परिवारवाले उसे लेकर निघासन सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टर ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया। एसओ अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
निघासन। थाना क्षेत्र के गांल बल्लीपुर निवासी रामनरेश की पुत्री खुशबू(20) बम्हनपुर स्थित रामाधीन इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा है। बुधवार को सुबह की पाली में परीक्षा देकर खुशबू अपने बहनोई थाना भीरा के गांव भानपुर निवासी विश्राम की बाइक पर बैठकर घर आ रही थी। पिरथी पुरवा चौराहे पर सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक समेत दोनों सड़क के किनारे जा गिरे। बाइक से गिरने के कारण खुशबू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विश्राम को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेजा है।