- तेज धमाके से दो खिड़कियों के शीशे टूटे, लोहे की पत्तियां भी टूटीं
- डीएम-एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, कहा, शरारती तत्वों का है काम
शहर के पुराना एसपी बंगला के पास स्थित क्राइस्ट चर्च पर शनिवार को आधी रात बाइक सवार दो युवकों ने सुतली बम फेंक दिया और भाग निकले। तेज धमाके के साथ खिड़कियों के ऊपरी भाग में लगे शीशों के टुकड़े हो गए। खिड़कियों के बीच लगी लोहे की पत्तियां भी टूट गईं। इससे जागे चौकीदार ने बाइक से युवकों को भागते देखा। पुलिस का दावा है कि विस्फोट में शरारती तत्वों ने सुतली बम का इस्तेमाल कर माहौल खराब करने की कोशिश की है। मौके से सुतली और कागज के कुछ टुकड़े भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस इस विस्फोट को चर्च की चार एकड़ जमीन को लेकर चल रहे विवाद से भी जोड़कर अपनी जांच शुरू कर दी है।
पुराने एसपी बंगले के पास क्राइस्ट चर्च स्थापित है। चर्च की रात में देखरेख के लिए चौकीदार परिवार संग रहता है। चौकीदार रामकुमार ने बताया कि शनिवार की रात वह मेन गेट पर ताला लगाकर चर्च से कुछ दूरी पर बने बंगले के बाहर लेट गया। रात करीब 12.30 बजे चर्च पर अचानक दो बार तेज धमाका हुआ, जिससे वह सहम गया और उठकर बैठ गए। बाहर झांका तो बाइक पर सवार दो युवक तेजी से भाग निकले। इससे वह काफी भयभीत हो गया और बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। सुबह करीब चार बजे चौकीदार चर्च पर गया तो देखा कि दो खिड़कियों के ऊपरी हिस्से में लगे शीशे चकनाचूर पड़े थे। शीशों के बीच लगीं लोहे की पत्तियां भी क्षतिग्रस्त थी। चौकीदार मेनगेट पर गया तो ताला पड़ा हुआ था। उसने चर्च के प्रापर्टी इंचार्ज पादरी सीएल लायल को सूचना दी। पादरी रात सीतापुर थे। उन्होंने वहीं से पुलिस कंट्रोल नंबर 100 मिलाया, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। इसके बाद पादरी सुबह मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। चर्च पर बम से हमले की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। तमाम आक्रोशित लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। डीएम आकाशदीप, एसपी अखिलेश चौरसिया, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, सीओ सिटी एमपी सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से सुतली, कागज के टुकड़े आदि कब्जे में लिए हैं। पुलिस ने चौकीदार और चर्च के पादरी समेत अन्य लोगों से घटना के बाबत जानकारी ली। पुलिस का दावा है कि शरारती तत्वों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से सुतली बम से धमाका किया है। पुलिस ने पादरी की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
चर्च प्रांगण में मिली चप्पल
चर्च की उत्तर दिशा की दीवार में लगीं खिड़कियों पर सुतली बम से विस्फोट किया गया। इसी दिशा में दीवार से करीब 20 मीटर की दूरी पर एक ही व्यक्ति की दोनों पैर की चप्पल बरामद हुई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि विस्फोट को अंजाम देने आए युवकों में से ही किसी एक युवक की चप्पलें होंगी। पुलिस ने चप्पलों को कब्जे में लिया है।
विस्फोट से पहले दिखे थे बाइक सवार
चर्च के बाहर स्थित एक होटल मालिक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि विस्फोट होने से कुछ देर पहले दो लोग बाइक से आए और बाइक चर्च की बाउंड्रीवॉल के पास खड़ी कर गायब हो गए थे। उसके कुछ ही देर बाद विस्फोट हो गया।
विस्फोट को विवाद से जोड़कर देख रही पुलिस
चर्च की लगभग चार एकड़ भूमि पर भाजपा नेता और पूर्व सहकारिता मंत्री रामकुमार वर्मा से विवाद चल रहा है। जो दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस विस्फोट को इस विवाद से भी जोड़कर देख रही है। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है।
डीएम ने पुलिस पिकेट लगाने के दिए निर्देश
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम आकाशदीप ने एसपी अखिलेश चौरसिया को चर्च पर पिकेट ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि विस्फोट की घटना को अंजाम देकर शरारती तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की है। उन्होंने स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में होने का दावा किया है। उन्होंने मौजूद लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
चर्च से कुछ ऐसे प्रमाण मिले हैं, जिसे यह साफ है कि सुतली बम का प्रयोग हुआ है। जमीन को लेकर विवाद भी सामने आया है। मामले की दोनों पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
- अखिलेश चौरसिया, एसपी
चर्च में सुतली बम फेंकने का काम किसी शरारती तत्व का प्रतीत होता है। फिलहाल कोई तनाव नहीं है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। चूंकि चर्च और इसकी भूमि का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए इस पहलू पर भी जांच की जाएगी और किसी के भी दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
- आकाशदीप, डीएम