एमएसटी के बावजूद टीटीई ने काटी रसीद और जीआरपी एसओ ने मांगी रिश्वत
भ्रष्टाचार में जीआरपी एसओ और टीटीई समेत तीन फंसे
एसओ लाइन हाजिर और दो सिपाही सस्पेंड
रेलवे सीओ द्वितीय करेंगे मामले की जांच
दो मामलों में घूस लेने का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी जीआरपी के आदेश के बाद एसओ जीआरपी को लाइन हाजिर और दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया है। एक मामले में एसओ जीआरपी और सिपाही पर यात्री को छोड़ने के लिए पांच हजार रुपये घूस लेने, टीटीई पर एमएसटी होने के बावजूद रसीद काटने और दूसरे मामले में सिपाही पर सिगरेट पीते व्यक्ति को छोड़ने के लिए दो सौ रुपये घूस लेने का आरोप है। एसपी जीआरपी से शिकायत के बाद मामले में जीआरपी एसओ सीतापुर की निगरानी में टीटीई, एसओ और सिपाही के खिलाफ लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर में भ्रष्टाचार के मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जांच सीओ द्वितीय नवीन कुमार सिंह को सौंपी गई है।
मैलानी थाना क्षेत्र के गांव फु़लहिया निवासी सीतापुर में बिजली विभाग में कार्यरत इंद्रदेव गुरुवार को सीतापुर जाने के लिए मैलानी में ट्रेन में सवार हुए। इंद्रदेव के अनुसार ट्रेन के लखीमपुर पहुंचते ही डिब्बे में टिकट चेक करने आए टीटीई ने टिकट मांगा, जिस पर उन्होंने एमएसटी दे दी लेकिन जब टीटीई ने इसकी वैद्यता खत्म होने की बात कही, भूलवश ऐसा होने की बात कहकर हमने अगस्त माह की एमएसटी दिखा दी। इंद्रदेव ने बताया कि इसी बात से टीटीई नाराज हो गए और उन्हें ट्रेन से नीचे लाकर जीआरपी सिपाहियों के हवाले कर दिया। पीड़ित ने बताया कि उन्हें थाने ले जाया गया और वहां टीटीई ने 265 रुपये की रसीद बना दी। इसके बाद जीआरपी के लोगों ने चालान करने की धमकी देकर उनसे पैसों के लिए उनके घर पर फोन करवाया। जिस पर उनके जानने वाले श्रीनाथ पुत्र चंद्रदेव निवासी संकटादेवी ने पैैसे लाकर दिए, तब जाकर उन्हें छोड़ा गया। पीड़ित ने बताया कि छूटने के बाद इसकी सूचना भाकपा माले नेता क्रांति कुमार सिंह को दी। उनके कहने पर जीआरपी ने पैसे वापस कर दिए। हालांकि इस दौरान पीड़ित ने पैसों के लेन देन से लेकर वापसी तक के मामले की आडियो, वीडियो की क्लिप के साथ इस मामले की शिकायत जीआरपी एसपी सोनिया सिंह से की। जिस पर एसपी जीआरपी ने जीआरपी एसओ लखीमपुर मानवेंद्र पाठक को लाइन हाजिर और सिपाही अशोक यादव को निलंबित कर दिया, साथ ही जीआरपी एसओ सीतापुर राजेश कुुमार को एसओ जीआरपी लखीमपुर, सिपाही और टीटीई के खिलाफ धारा 323, 504 एवं भ्रष्टाचार निवारण की धारा 7/13 के तहत मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए, जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
वहीं दूसरे मामले में रोजा जीआरपी चौकी के सिपाही को निलंबित कर उसके खिलाफ भी मुकदमा लिखा गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात नंबर से जीआरपी के आला अफसरों के फेसबुक और ट्वीटर पर 11 सेकेंड का एक वीडियो वायरल किया गया, जिसमें ट्रेन के अंदर सिगरेट पी रहे एक यात्री से दो सौ रुपये लेते दिखाया गया है। एसपी जीआरपी लखनऊ ने जब इसकी जांच कराई तो यह वीडियो रोजा जीआरपी में तैनात सिपाही राम किशोर शुक्ला का निकला। बुधवार की रात सीओ जीआरपी नवीन कुमार ने रोजा आकर पूछताछ की और रामकिशोर द्वारा रिश्वत लेने के वीडियो को सही पाया। चूंकि वीडियो भेजने वाले का नाम पता अज्ञात था, इसलिए चौकी प्रभारी रोजा चंद्रहास मिश्रा की रिपोर्ट पर सिपाही रामकिशोर शुक्ला के खिलाफ विभिन्न मामलों में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी रेलवे ने सिपाही को निलंबित कर दिया और मामले की जांच सीओ जीआरपी नवीन कुमार सिंह को सौंप दी।
वीडियो वायरल होने की जांच मेरे द्वारा की गई, जो एकदम सही है। रिपोर्ट दर्ज कराई गई है निलंबित होने पर सिपाही को रात में ही पुलिस लाइन लखनऊ रवाना किया है। आगे की कार्रवाई सीओ स्तर से होगी। एसओ लखीमपुर के खिलाफ भी अपराध संख्या शून्य पर मामला दर्ज किया गया है।
- चंद्रहास मिश्रा, प्रभारी जीआरपी रोजा