गोला गैस एजेंसी के सामने से निकल रहा मौरंग भरा ओवरलोड ट्रक सड़क में कई फुट धंसकर नाले पर पलट गया जिससे कई लोग बाल-बाल बच गए।
सीतापुर के रामकोट निवासी चालक राहुल ट्रक में हमीरपुर से मौरंग भरकर लखीमपुर रोड स्थित बादलनगर के निर्माणाधीन मकान के पास मौरंग उतारने जा रहे थे। बादलनगर में स्थित गैस एजेंसी के पास सड़क पर ट्रक पहुंचा ही था कि दाहिने तरफ के पिछले पहिए सड़क में कई फुट गहराई में धंस गए, जिससे सड़क किनारे का नाला भी फट गया और ट्रक गैस एजेंसी के गेट पर पलट गया। ट्रक पलटने सें तमाम लोगों भी भीड़ एकत्र हो गई। घटना में चालक को चोटें आई हैं जिसे पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर गैस एजेंसी के मैनेजर राजेंद्र अग्रवाल ने गैस एजेंसी की बिल्डिंग और बाहर लगा नल क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पुलिस को दे दी है।
मानक के अनुसार नहीं बनीं सड़क
अभी हाल में ही बादलनगर में बनी इस सड़क को राज्यवित्त योजनांतर्गत संजीवनी हास्पिटल से अभय जायसवाल के मकान तक बनवाया गया था। इसमें अनुमानित लागत नौ लाख 44 हजार 800 रुपये आई थी। वहां मौजूद लोगों का आरोप था कि इंटरलॉक सड़क का निर्माण मानक के अनुसार नहीं कराया गया, जिससे यह घटना हुई है।
इस बाबत अवर अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि बादल नगर में सड़क का निर्माण अभी जल्दी ही कराया गया था। सड़क धंसने और साइड में बने नाला के फट जाने से ट्रक पलट गया।