चंदनचौकी के गांव पोया से चुनाव प्रचार करने जा रहीं थारू जनजाति की महिलाओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से तीन महिलाओं की मौके पर मौत हो गई जबकि सात जख्मी हो गईं। सभी को सीएचसी पलिया में भर्ती कराया गया। जहां से चार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी में एसडीएम, सीओ पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
पोया के पूर्व प्रधान हरद्वारी लाल की बहु प्रधान पद के लिए गांव से उम्मीदवार है। उनके चुनाव प्रचार के लिए गांव की महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रॉली से बृहस्पतिवार को ग्राम मौरा जा रहीं थीं। इस दौरान पोया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें पोया निवासी 60 वर्षीय चनिया, 40 वर्षीय रामचंद्रो, 45 वर्षीय बच्चो की मौके पर ही मौत हो गई । वहीं, ग्राम पोया के 50 वर्षीय लालमती, 60 वर्षीय सत्यवती, 65 वर्षीय भज्जो, 30 वर्षीय निराशो, 60 वर्षीय छोटी, 55 वर्षीय चन्ना, 50 वर्षीय बिटाना गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। उन्हें पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर बिटाना, चन्ना, निराशो, लालमती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर सीएचसी पहुंचे एसडीएम पीके सिंह, सीओ रामआसरे सिंह, चंदनचौकी कोतवाल फूलचंद्र ने घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।