तीन दुकानदारों पर कार्रवाई
मानव तस्करी सेल ने होटलों
और दुकानों में की छापेमारी
ऑपरेशन मुस्कान के फेस टू अभियान के तहत मानव तस्करी सेल थाना प्रभारी राजेश सिंह ने लेबर इंस्पेक्टर के साथ शहर के कई शोरूमों और ढाबों पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने तीन बाल श्रमिकों को मुक्त कराकर तीन दुकानदारों के खिलाफ बाल श्रम अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
एसओ राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने लेबर इंस्पेक्टर के साथ शहर के कई होटलों, ढाबों और शो रूमों पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने एक्शन शो रूम, हर्ष इलेक्ट्रिकल और पटेल राही ढाबा से एक-एक बाल श्रमिक दबोच लिया। उन्होंने बताया कि लेबर इंस्पेक्टर विद्या प्रकाश शर्मा की ओर से तीनों दुकानदारों के खिलाफ बाल श्रम अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। टीम ने दो बाल श्रमिकों को उनके परिवार वालों को बुलाकर सौंप दिया, जबकि एक का मेडिकल परीक्षण कराकर बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। एसओ ने बताया कि जहां से बाल कल्याण समिति ने बाल श्रमिक को कड़ी हिदायत दी और बच्चे को पढ़ाने की चेतावनी देते हुए उसे उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।