नेपाल पुलिस ने किया भंडाफोड़, यातायात विभाग के कर्मचारियों की भी निकली मिलीभगत
नेपाल की कंचनपुर पुलिस ने तीन लग्जरी गाड़ियों व एक बाइक के साथ दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। यह लोग भारत और नेपाल से चोरी की गाड़ियों के नंबर बदलकर नेपाली नंबरों से फर्जी कागजों को बनवाकर गाड़ियां बेच रहे थे।
कंचनपुर जिले के डीएसपी भीम बहादुर रावल ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अंतरराष्ट्रीय वाहन चोर गिरोह के दो नेपाली सदस्यों को पकड़ा है। जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम हिमाल जोशी निवासी भीमदत्त नगरपालिका वार्ड नंबर चार जिला कंचनपुर और गोकुल प्रसाद श्रेष्ठ निवासी भजनी ग्राम त्रिनगर वार्ड नंबर तीन जिला कैलाली बताया है। आरोपियों ने कबूला कि वह लोग भारत से चोरी की लग्जरी गाड़ियों को पांच से दस लाख नेपाली रुपयों और बाइकों को 25 से 50 हजार रूपये में खरीद कर नेपाल के कंचनपुर व कैलाली जिले में यातायात विभाग के फर्जी कागजात बनवाकर उनमें नेपाली नंबर डालकर नेपाल में ऊंचे दामों में बिक्री करते थे। जिसमें यातायात कर्मचारियों की भी मिलीभगत है। कागजातों के फर्जीवाड़े में महाकाली तथा सेती अंचल यातायात कार्यालयों के लैटरपैड तथा मोहर का भी प्रयोग हुआ है। पुलिस ने बताया कि पकडे़ गए जोशी के पास से दो लैपटॉप, दो पेन ड्राइव, एक बाइक, एक सोने की चेन और नौ गाड़ियों की आरसी के साथ ही सुष्मिता बम के नाम से काठमांडू बैंक खाते के 11 लाख व चार लाख के दो चेक बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह में भारत के भी कई लोग शामिल हैं। मामले में टीकापुर- कैलाली जिले के एक बाइक गैराज की भी संलिप्तता पाई गई है। इसी गैराज में नंबर चेंज करने का काम होता था।