फरधान में पुलिस ने लोगों को खदेड़ा, मझगईं में लगाया जाम
गोला, मझगईं और पलिया कलां में हुए हादसे
जिले में शुक्रवार को गोला, पलिया और मझगईं क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में एक सात वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों की जान चली गई। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। फरधान थाने में जहां पुलिस ने बस चालक को पकड़ने का प्रयास कर रहे लोगों को खदेड़ दिया, वहीं मझगईं में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
गोला गोकर्णनाथ। फर्रुखाबाद जिले के थाना व कस्बा नवाबगंज के मोहल्ला नया गनीपुर निवासी अब्दुल का पुत्र आजाद गुरुवार को अपने मौसेरे भाई के साथ गांव कुनौठिया निवासी मौसा मुंसफ अली के घर आया था। शनिवार की सुबह वह दुकान पर सामान लेने सड़क के किनारे जा रहा था। इसी बीच सामने से आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस ने आजाद को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने बस तेज रफ्तार भाग दिया। बताते हैं कि इस पर गुस्साए लोगों ने बाइकों व अन्य वाहनों से बस का पीछा किया। खुद को घिरा देख चालक बस थाना फरधान लेकर पहुंच गया। इस पर पीछा कर रहे लोग फरधान पहुंचे और बस से उतर रहे चालक को दौड़ा लिया। इससे पुलिस के हाथपांव फूल गए। हरकत में आई पुलिस ने डंडा फटकार कर लोगों को खदेड़ दिया। गोला पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने बस कब्जे में लेकर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
मझगईं। कस्बा नौगवां में हाईवे किनारे रहने वाले दुर्गेश की सात वर्षीय बच्ची तान्या शनिवार दोपहर दुकान से कुछ सामान खरीदने जा रही थी। इसी बीच पलिया की तरफ तेज गति से जा रही जायलो कार ने सड़क पार कर रही बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला। इससे गुस्साए लोगों ने हाईवे पर टायर रखकर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। भीरा में गाड़ी पकड़े जाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और करीब पौन घंटे बाद जाम खुल सका। इसके बाद भी पुलिस से मुकदमा लिखने व गाड़ी मालिक को बुलाने की मांग पर ग्रामीण अड़े रहे। घंटों शव नहीं उठने दिया। चौकी इंचार्ज अजय शर्मा ने बमुश्किल लोगों को समझा कर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पलियाकलां। पीलीभीत जिले के थाना हजारा के मरनिया गांधीनगर निवासी श्याम सुंदर का 15 वर्षीय पुत्र कुलदीप कुमार गांव दौलतापुर में अपने नाना टेकन के यहां आया था। शुक्रवार को वह श्रीनगर गांव में किसी की बारात में शामिल होने गया था। बताते हैं कि ग्यारह बजे पैदल गांव एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर दौलतापुर आ रहा था। अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर घायल हो गया। घर वाले उसे सीएचसी ले गए, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।