तिलक समारोह से वापस लौट रहे थे बाइक सवार
हेल्मेट नहीं पहनेे था बाइक चालक
एक ही पेट्रोल पंप पर तीनों करते थे काम
तिलक समारोह से लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों की ट्रिपल राइडिंग में मौत हो गई। तीनों धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरसवां में तिलक समारोह में शामिल होकर एक ही बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौके पर, जबकि तीसरे की फरधान सीएचसी में मौत हो गई। तीनों एक ही पेट्रोल पंप पर काम करते थे।
पीलीभीत बस्ती नेशनल हाईवे पर ग्राम खम्हौल के पास सराह फिलिंग स्टेशन पर काम करने वाले प्रमोद कुमार, विजयपाल और विमल शनिवार की देर रात एक बाइक पर सवार होकर धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरसवां में तिलक समारोह में गए थे। वापस लौटते समय गोला कोतवाली क्षेत्र के गांव करमुलहापुर निवासी 45 वर्षीय प्रमोद बाइक चला रहे थे, जबकि हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव वेलवा निवासी विजयपाल उर्फ गुड्डू (24) और शेरपुर निवासी विमल कुमार पीछे बैठे थे। चालक प्रमोद हेल्मेट नहीं पहने थे। गोला कोतवाली क्षेत्र में लखीमपुर हाईवे पर गांव करनपुर मुड़िया के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखचे उड़ गए और प्रमोद व विजयपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल थाना हैदराबाद क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी विमल कुमार (22) को राहगीरों ने 108 एंबुलेंस से सीएचसी फरधान भेजवाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक साथ ही पेट्रोल पंप काम करने वालों की सड़क दुर्घटना में हुई मौत की सूचना पर पहुंची गोला पुलिस ने दो शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। विमल का पंचनामा फरधान पुलिस ने भरा है। रात में ही इनके परिवार के लोगों को सूचना दे दी गई। मृतक विजयपाल और प्रमोद मजदूर पेसा है। दोनों की पत्नी और बच्चों समेत पूरे परिवार को रो-रोकर बुरा हाल है।
विमल के घर की खुशियां मातम में बदलीं
दुर्घटना में मृत विमल के अविवाहित है। पांच दिन पहले ही बड़े भाई आशीष की पांच दिन पहले ही शादी हुई थी, जिसके घर में मेहमानों की चहलपहल थी। हादसे से घर की खुशियां मातम में बदल गईं। पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।