सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार अलसुबह दिल्ली से घर लौट रहे एक व्यक्ति और दो महिलाओं से बदमाशों ने हजारों की नकदी समेत जेवर लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यक्ति के सिर पर चाकू से घायल कर दिया, वहीं महिलाओं की भी पिटाई कर दी। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया और हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
फरधान थाना क्षेत्र केे गांव गौरिया निवासी सुघर सिंह अपने बेटे से मिलने दिल्ली गए थे। बुधवार की रात वह दिल्ली से लौट रहा था। गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे वह बस पकड़ने के लिए पैदल बस अड्डे की ओर जा रहा था। रास्ते में पीके इंटर कालेज के पास चार बदमाशों ने उसे रोक लिया, इसके बाद एक ने उसके सिर पर चाकू से वार किया। बदमाशों ने उससे नकदी और बैग छीन लिया। इस दौरान दो महिलाएं गौरिया निवासी लाजवंती और सावित्री भी गुजरीं, इनसे भी बदमाशोें ने कुंडल और पायल लूट लिए। महिलाओं ने विरोध किया तो बदमाशों ने पिटाई कर दी और फरार हो गए। पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी हैै। इस बाबत कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में है, हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।