रामनगर गांव निवासी एक युवक को रास्ते में घात लगाकर बैठे हमलावरों ने पेट में गोली मार दी, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को मितौली सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ गुलाब शंकर पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
ग्रंट इनायत चीफ के मजरा रामनगर निवासी जयमंगल पुत्र मुसाफिर ने बताया कि सोमवार को वह बाइक से हैदरनगर गांव जा रहा था। करीब पांच सौ मीटर पहले गन्ने के खेत में पहले से घात लगाए बैठे तीन लोगों में से एक व्यक्ति ने हाथ देकर उसे रोका। बाइक रुकते ही खेत से कई अन्य लोग निकलकर आ गए।
एक हमलावर ने तमंचे से उसपर फायर कर दिया जो उसके पेट लगा। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया और हमलावर गन्ने के खेतों से होकर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल को मितौली सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस दौरान घायल जयमंगल ने आशंका जाहिर की कि चुनाव की रंजिश के चलते विपक्षियों ने हमला कराया है।
एसओ गुलाब शंकर पांडेय ने बताया कि घटनास्थल पर जाकर जांच की गई, जहां खून के निशान नहीं मिले हैं। वहीं आसपास के ग्रामीण भी जानकारी नहीं दे सके। प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। हालांकि वादी की सूचना के मुताबिक अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
21 लोगों पर बलवा और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज
मितौली। थाना क्षेत्र के गांव पिपरझला में रविवार की देरशाम चुनाव की रंजिश के चलते आगजनी, तोड़फोड़ तथा जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई ने की हैै। पिपरझला निवासी सुरेश अवस्थी के घर पर विपक्षी सत्येन्द्र कुमार के समर्थकों द्वारा मारपीट, आगजनी तथा घर में तोड़फोड़ की गई थी। मितौली पुलिस ने सत्येंद्र कुमार मिश्र की तहरीर पर दूसरे पक्ष के 21 लोगों नामजद करते हुए धारा 307, बलवा में मामला दर्ज किया है। जबकि मौके की जांच में पता चला है कि दोनों घरों के समाने ईट व पत्थर पड़े हुए थे। इस घटना में दोनों पक्ष के लोग घायल हुए थे।