पुलिस ने एक-दूसरे पक्ष के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
जानवर बांधने और पानी निकास को लेकर थाना नीमगांव के गांव भूपतिपुर में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई और लाठी-डंडे चलने लगे। इस मारपीट में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने कमलेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना शनिवार की देर रात गांव भूपतिपुर में हुई। गांव निवासी आशीष कुमार और लालाराम के बीच पानी निकास और जानवरों को बांधने को लेकर कहासुनी के साथ गालीगलौज शुरू हो गई। इस पर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और उनमें जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर लाठी-डंडे भी बरसाए। जिससे कमलेश, आशीष और उसकी बहन संता देवी घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को मजरूबी चिट्ठी बनाकर सरकारी अस्पताल भेजा। डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर कमलेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ जावेद अख्तर ने बताया कि आशीष की तहरीर पर बनवारी, नेतराम खेलावन, कमलेश तथा लालाराम की ओर से आशीष और उसके बहनोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।