पसगवां ब्लाक की ग्राम पंचायत सिसौरा नासिर की मतदाता सूची में दावे और आपत्तियों की जांच के दौरान दो पक्षों में कहासुनी हो गई, बाद में एसडीएम, सीओ आवास के सामने एक पक्ष की ओर से चार राउंड फायर किए गए जिससे तहसील परिसर और मोहम्मदी-शाहजहांपुर मार्ग पर भगदड़ मच गई, रायफल की गोली बिजली के खंभे में घुस गई, जिससे वहां रह रहे लोग बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनकर कोतवाली के चार सिपाहियों ने दौड़ाकर आरोपी को मय रायफल पकड़ लिया, अभी दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने दो और लोगों को भी हिरासत में लिया है।
पसगवां ब्लाक के सिसौरा नासिर ग्राम पंचायत की मतदाता सूचियों की जांच तहसील परिसर के आरके आफिस में हो रही थी। वहां जांच अधिकारी जेई आरईएस हंस यादव, बीएलओ मोहम्मद उस्मान खां, संजय और वाहिदा खातून मौजूद थे।
इसी दौरान दूसरे पक्ष ग्राम कटिघरा के कुछ लोग वहां घुस आए और बीएलओ से धक्का-मुक्की करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अधिकारी ने मोहम्मदी तहसील परिसर में पुलिस फोर्स को बुला लिया। इसके बाद यह लोग जब तहसील से बाहर आए तो मोहम्मदी-शाहजहांपुर मार्ग पर एसडीएम एवं सीओ आवास के निकट कटिघरा गांव के कैसर ने रायफल से चार राउंड गोलियां चलाई जिससे क्षेत्र में भगदड़ मच गई। तहसील गेट में कर्मचारियों ने ताला डाल लिया और बीएलओ मोहम्मद उस्मान खां को अंदर कर लिया।
गोलियों की आवाज सुनकर तहसील परिसर में मौजूद चार सिपाहियों विजय पांडेय, सुजीत चौहान, अजयदीप सिंह और सुशील कुमार ने दिलेरी का परिचय देकर गुरुद्वारे के पीछे करीब दो तीन सौ मीटर की दूरी पर कैसर को मय रायफल पकड़ दिया। पुलिस ने दूसरे पक्ष से इब्बन और बब्बन को भी गिरफ्त में ले लिया। बब्बन सिसौरा नासिर के प्रधान और इब्बन उनके भाई बताए जाते हैं। पुलिस ने मौके से दस खोखे भी बरामद किए है।
सीओ हरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि एक पक्ष से इकबाल और आरिफ का मेडिकल कराया जा रहा है। बीएलओ मोहम्मद उस्मान खां के आने पर मेडिकल कराया जाएगा।
अब तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। मामला गांव के वार्ड संख्या 105 का बताया जा रहा है। रायफल कटिघरा के मुबस्सिर की बताई जा रही है। घटना मंगलवार शाम चार बजे करीब हुई।
इसके अलावा एक अन्य घटना में एसएसआई राम सिंह पवार और सिपाही विजय पांडे ने पुवायां बस अड्डे पर शाहिद उर्फ राजा निवासी मोहम्मदी सरायं को सट्टा लिखते गिरफ्तार किया, उसके पास से 350 रुपये और पर्चियां बरामद हुई हैं।