शहीद दरोगा मनोज मिश्रा के गांव हरदासपुर में 14वें दिन भी उनके परिवारीजनों का सीबीआई जांच सहित अन्य मांगों को लेकर क्रमिक अनशन जारी रहा।
मंगलवार को धौरहरा से भाजपा सांसद रेखा वर्मा हरदासपुर पहुंचीं और अनशन पर बैठीं। उन्होंने शहीद दरोगा के पिता श्याम मुरारी मिश्रा, पत्नी शशि मिश्रा सहित परिवारीजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया। सांसद ने कहा कि वह इस मामले में जल्द ही गृहमंत्री और प्रधानमंत्री से मुलाकात कर परिवारीजनों की सीबीआई जांच की मांग से अवगत कराएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह लोकसभा में भी यह मुद्दा उठाएंगी।
परिवारवार वालों से वार्ता के दौरान घटना के बाबत जानकर वह इतनी भावुक हो गईं कि आंसू छलक उठे। इस दौरान वहां मौजूद गोरक्षा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रिंकू शुक्ला ने भी परिवारीजनों की मांगों का समर्थन करते हुए सीबीआई जांच की मांग की। इसके अलावा अनुराग मिश्रा, अरुण अवस्थी, श्याम किशोर अवस्थी, योगेश वर्मा, लाले प्रधान, आचार्य संजय मिश्रा, इंद्रजीत सिंह यादव, पियुष, विश्वनाथ पाल, अचिन मेहोरोत्रा आदि मौजूद थे।
वहीं पोलखोल पार्टी के संस्थापक नरेश सिंह भदौरिया भी अपने साथियों के साथ हरदासपुर पहुंचे और परिवार के लोगों के साथ अनशन में शामिल हुए। उन्होंने शहीद दरोगा के परिवार वालों की मांगों को पूर्ण समर्थन दिया और सीबीआई जांच की मांग उठाई।