पिता के साथ ससुराल से वापस जा रहा था घर
थाना क्षेत्र खीरी में ईंट भट्ठे की ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि पीछे बैठा उसका पिता घायल हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जिला सीतापुर थाना रेउसा के ग्राम मंगलपुरवा निवासी 24 वर्षीय झुर्ररी वर्मा होली के मौके पर कोतवाली सदर के गांव उमरिया स्थित अपनी ससुराल आया था। शनिवार को पिता रामखेलावन को साथ लेकर वह बाइक से घर लौट रहा था। खीरी थाना क्षेत्र के चौका साइफन के पास उसकी बाइक ईंट-भट्ठे की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में गई। इससे बाइक पर बैठा रामखेलावन दूर जा गिरे जबकि झुर्ररी ट्रॉली के पहिए के नीचे दब गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर थाना खीरी पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोप है चालक ने पुलिस के सामने ट्रैक्टर भगाने का प्रयास किया इस पर लोग भड़क गए। स्थिति को भांप पुलिस ने वाहन को कब्जे मे लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।