थाना नीमगांव की ग्राम पंचायत भूलनपुर के मजरा जगना में नवनिर्वाचित प्रधान और उनके समर्थकों और विपक्षियों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने प्रधान समेत छह नामजद के खिलाफ बलवा का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रधान समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर चालान भेजा है। इसके बाद भाजपा नेता सौरभ सिंह सोनू और लालवीर दिनकर के नेतृत्व में नाराज लोगों ने पुलिस पर सत्तापक्ष के दबाव में एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भूलनपुर का बाजार भी बंद रहा।
बेहजम ब्लाक की ग्राम पंचायत भूलनपुर से विजयी प्रधान विजय जायसवाल और उनके समर्थक सोमवार को जगना गांव में जीत की खुशी में जश्न मना रहे थे। इस दौरान हारे हुए प्रत्याशी नासिर अली और उनके समर्थकों ने विरोध जताया, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। इस घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल भी हुए थे।
इस मामले में नीमगांव पुलिस ने दूसरे पक्ष के नासिर अली की तहरीर पर प्रधान विजय जायसवाल समेत छह समर्थकों के खिलाफ बलवा आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। जबकि प्रधान पक्ष का आरोप है कि उनकी ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पुलिस ने कार्रवाई में तेजी दिखाते हुए नामजद प्रधान विजय जायसवाल समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर मंगलवार को चालान भी भेज दिया।
इसके बाद मामला तूल पकड़ गया। भाजपा नेता सौरभ सिंह सोनू और लालवीर दिनकर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने पुलिस पर सत्तापक्ष के दबाव में एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। इस मामले में एसपी से बात कर दूसरे पक्ष के नासिर अली आदि पर भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई। भाजपा नेता सौरभ सिंह ने कहा कि यदि प्रशासन दूसरे पक्ष के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करता है, तो भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।