थाना क्षेत्र के ग्राम रौतापुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना हुई है, जिसमें देवर भाभी ने जहर खाकर मौत को गले लगा लिया है। पहले देवर ने जहर खाया, जिसके बाद उसकी भाभी ने जहर खा लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।
गांव रौतापुर निवासी 20 वर्षीय सोनू पुत्र पुत्तू ने बुधवार की शाम को पहले शाम करीब सात बजे जहर खा लिया, जिसकी सीएचसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इसकी सूचना पाकर चचेरी भाभी 25 वर्षीय पिंकी ने भी जहर खा लिया। उसकी भी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिवार वालों के मुताबिक भरत मौर्य की शादी चार साल पहले मितौली निवासी विष्णुदयाल की बेटी पिंकी से हुई थी। इसके कुछ समय बाद से सोनू और पिंकी के बीच प्रेम संबंध हो गए थे, जिसे लेकर दोनों परिवारों में आए दिन मनमुटाव होता था। पिंकी के पति और ससुर ने कई बार विरोध जताया था, जिसमें मारपीट की नौबत आ चुकी थी। संबंधों को लेकर विरोध तेज होने पर पहले सोनू ने अपने घर में जहर खाकर जान दे दी, जिसके बाद उसकी भाभी पिंकी ने भी जहर खाकर मौत को गले लगा लिया। सूचना पाकर मितौली एसओ जावेद अख्तर मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लिया है। वहीं एसओ जावेद अख्तर ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। परिवार वालों और गांव वालों के बयान लिए जा रहे हैं।
सीओ, मितौली मिथिलेश कुमारी दीक्षित ने बताया कि मामला देरशाम संज्ञान में आया है। अभी प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध का लग रहा है। पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी।