परिवार वालों ने जताई हत्या की आशंका, दी तहरीर
घर से टहलने निकले गांव उमरिया निवासी कुतुबद्दीन के 22 पुत्र वर्षीय रजी अहमद उर्फ अतीक का शव पीपल के पेड़ की डाल से लटकता हुआ मिला। परिवार वालों को इसकी जानकारी सुबह आठ बजे हुई। घर वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
गांव उमरिया निवासी शिक्षक कुतबुद्दीन ने बताया कि उनका पुत्र रजी अहमद की लखीमपुर शहर में बैटरी की दुकान है। ईद पर वह घर पर आया था। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे वह टहलने के लिए घर से निकला था। सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव के ही कुछ लोगों ने उसका गांव के पश्चिम ब्रह्मबाबा स्थान पर लगे पीपल के वृक्ष की टहनियों में शव लटका होने की जानकारी दी। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। गले में रस्सी का फंदा पड़ा हुआ था। शव लटके होने की सूचना पर तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मृतक के भाई आरिफ ने बताया कि जिस स्थान पर उसके भाई का शव लटका मिला उससे 20 मीटर दूर स्थित खेत में गन्ना टूटा हुआ पड़ा था। जहां पर उसके गले में रस्सी का एक टुकड़ा भी बंधा पड़ा था। मृतक के पैरों में चप्पलें भी थी। इससे परिवार वालों को आशंका है कि किसी ने रजी अहमद की पहले गला घोटकर हत्या कर दी, बाद में आत्महत्या दर्शाने के लिए उसके शव को पीपल के वृक्ष से टांग दिया। मृतक के बड़े भाई आरिफ ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार वालों ने उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। एसओ तपेश्वर सागर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।