रविवार की सुबह अपनी भतीजी के साथ शौच के लिए गई एक किशोरी को दो बाइक पर सवार चार लोग तमंचे के बल पर उठा ले गए। भतीजी चिल्लाई तो आरोपियों ने उसे डरा धमका कर भगा दिया। पीड़िता के भाई ने दो लोगों को नामजद करते हुए चार लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले को प्रेम प्रसंग का बताते हुए जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी एक 16 वर्षीय किशोरी अपनी नौ वर्षीय भतीजी के साथ रविवार की सुबह करीब छह बजे गांव के उत्तर की तरफ गन्ने के खेत में शौच को गई थी। खेत में घुसते ही दो बाइक पर चार सवार आए और किशोरी को ले जाने का प्रयास करने लगे। किशोरी ने जब विरोध किया तो चारों ने उसे तमंचा दिखा कर चुप करा दिया।
वहीं भतीजी के चिल्लाने पर उसे डरा धमका कर भगा दिया। चारों युवक किशोरी को तमंचा दिखाकर बाइक पर बैठाकर लेकर चले गए। डरी सहमी भतीजी रोते हुए घर पहुंची और अपने पिता को घटना बताई। भतीजी ने बताया कि चारों आरोपी दो लाल बाइक से आए थे।
तीन ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था जबकि एक का मुंह खुला था। किशोरी के पिता ने बताया कि घर आकर आरोपियों ने दो दिन पहले उसकी बेटी को घर से उठा ले जाने धमकी भी दी थी। एसओ अमर सिंह ने बताया कि किशोरी के भाई ने तमंचे के बल पर जबरन उठाने की दो नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।