सब्जी मंडी के पास हुई वारदात, नामजद तहरीर दी
सब्जी मंडी के पास स्थित एक टेलर की दुकान का चोरों ने ताला तोड़ दिया और उसमें रखे कपड़े, सिलाई मशीन के साथ हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। दुकान स्वामी ने एक व्यक्ति पर रंजिशन चोरी कराने का आरोप लगाते हुए घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
शहर निवासी बलराम चौरसिया की सब्जी मंडी के पास रेडियम टेलर्स के नाम से दुकान है। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात चोरों ने किसी समय दुकान का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सिले-अधसिले कपड़े, सिलाई मशीन सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने घटना एक व्यक्ति पर रंजिशन चोरी कराने की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
नकब लगाकर दुकान से हजारों की चोरी
बहादुरगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में शनिवार की रात चोरों ने नकब लगाकर दुकान में रखा हजारों रुपये का सामान बटोर ले गए। दुकान स्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पसगवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुल्लापुर निवासी राजीव मिश्रा ने बताया कि उनकी ऑटो पार्ट्स की दुकान जंगबहादुरगंज में राष्ट्रीय राजमार्ग पर है। मकान भी दुकान से सटा है। शुक्रवार को वह परिवार के साथ मुल्लापुर गए थे। चोरों ने रात में किसी समय दुकान में नकब लगा दी और 26,600 रुपये नकद और करीब 25 हजार रुपए के पार्ट्स चोरी कर ले गए। मकान के दरवाजे की कुंडी तोड़कर बर्तन कपड़े उठा ले गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।