काफी प्रयास के बाद भी नहीं हुई शिनाख्त
मैलानी थाना क्षेत्र के गांव बोझिया के दक्षिण गन्ने के खेत में लाश दफन होने के संदेह पर पुलिस ने खुदाई कराई तो 30 वर्षीय अज्ञात युवक की लाश मिली। लाश कई दिनों पुरानी है। सीओ अनुराग दर्शन का कहना है कि प्रथमदृष्टया युवक बाहरी लगता है, जिसे कहीं और मौत मारने के बाद यहां साक्ष्य मिटाने की मंशा से गन्ने के खेत में दफना दिया गया। जल्दबाजी के कारण मिट्टी धंसने और जूते का फीता दिखाई देने से संदेह हुआ।
सीओ गोला के अनुसार शनिवार को गांव बोझिया के दक्षिण स्थित सुनील कुमार के गन्ने के खेत में घास काटने गए ग्रामीणों ने एक जगह पर धंसी हुई मिट्टी देखी, जिसमें एक जूते का फीता बाहर निकला था। ताजी खुदी मिट्टी धंसने से संदेह हुआ तो लोगों ने इसकी सूचना संसारपुर चौकी पुलिस को दी। चौकी इंचार्ज की सूचना पर सीओ, नायब तहसीलदार रामदेव निषाद के साथ मौके पर पहुंचे और मिट्टी को खुदवाकर देखा तो दुर्गंधआने लगी। गहराई तक खुदवाने पर मिट्टी में दबा शव बरामद हुआ। खेत में ही खुदी मिट्टी के पास एक जोड़ी जूते मिले हैं। मृतक गठीले शरीर का और शर्ट, नीली जींस, पैरों में मोजे पहने हुए है। पुलिस ने आसपास के तमाम ग्रामीणों को बुलाकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, किंतु शिनाख्त नहीं हो सकी है। सीओ अनुराग दर्शन ने बताया कि मृतक की आयु 30 वर्ष के आसपास है। मौके पर एक जोड़ी जूते और गमछा पड़ा मिला है।