एसएसबी पर आए दिन उत्पीड़न का आरोप, मामला बढ़ता देख वाहन वापस किया
एसएसबी के सूढ़ा मंडी में माल से लदी डीसीएम को पकड़े जाने से नाराज व्यापारियों ने जमकर हंगामा काटा और जाम भी लगाया। सूचना मिलने पर गौरीफंटा कोतवाली पुलिस और एसएसबी अधिकारी मौके पर पहुंचे और वार्ता कर जाम खुलवाया।
नाराज व्यापारियों का आरोप है कि एसएसबी आए दिन परेशान करती है। कहा कि मसानखंभ में किराए की दुकान पर माल उतार रही एक डीसीएम को सूढ़ा एसएसबी के इंस्पेक्टर ने कब्जे में ले लिया। जबकि सब कुछ वैध था। विरोध में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं और धरना देकर जाम लगा दिया । तमाम थारू जनजाति के लोग भी सूंडा मंडी पहुंच गए और सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन और हंगामा किया। जाम की जानकारी हुई तो गौरीफंटा कोतवाल कृष्ण मुरारी शर्मा भी मय पुलिस बल के साथ पहुंच गए। बताते हैं कि एसएसबी कर्मियों ने मामले को बढ़ता देख डीसीएम को वाहन स्वामी डॉ. श्याम त्रिवेदी को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। इस दौरान नागर लाल गुप्ता, पप्पू गुप्ता, राम बहादुर, घनश्याम राठौर, राम नरेश आदि मौजूद रहे।