परिवार वालों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस चौकी अमीरनगर क्षेत्र में बस्तौली अमीरनगर मार्ग पर रहने वाले एक पुत्र ने 22 अगस्त को जमीन के लिए बूढ़ी मां 70 वर्षीय हाजिरा बेगम को पीट दिया। घायल बुजुर्ग महिला की शनिवार की रात को मौत हो गई। परिवार वालों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी पुत्र मौके से फरार हो गया है। घटना की रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं हुई है।
ग्राम पंचायत बस्तौली निवासी शाकिर अली कुछ समय पहले अपने नाम की प्रापर्टी की बिक्री करके यहां से दूसरे स्थान पर चला गया था। यहां पर उसकी बूढ़ी मां हाजिरी बेगम और अन्य भाई रहते थे। हाजिरा बेगम के नाम लगभग तीन एकड़ जमीन थी, जिसकी बिक्री करने के लिए आरोपी पुत्र अपनी मां पर दबाव बना रहा था। 22 अगस्त को हाजिरा के मना करने पर उसने मां के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं थी। जिनकी सातवें दिन शनिवार की रात मौत हो गई। सुबह मृतका हाजिरा बेगम को दफनाने के लिए मिट्टी की तैयारी होने लगी, नाते रिश्तेदार भी आ गए, बाद नमाज जौहर के मिट्टी होनी थी, मृतका का पुत्र मां के शव को दफ्न करने के लिए लकड़ी के तख्ते लेने चला गया, तभी परिवार वालों ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी। पुलिस चौकी प्रभारी रवि वालियान पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए तथा शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतका के शरीर पर मिट्टी लगी हुई थी, जिससे लग रहा था कि इनकी पिटाई की गई है, मृतका का पुत्र आए दिन परिवार वालों से मारपीट करता था और मां के नाम की जमीन को बेचना चाहता था, लेकिन मां उस जमीन को बेचना नहीं चाहती थी। मृतका के पोते आरिफ ने तहरीर दी है कि दादी की मौत असाधारण तरीके से हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।