लेनदेन के शक में एक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
गौतम वाल्मीकि हत्याकांड: दो बिंदुओं पर पुलिस ने शुरू की जांच
नगर पालिका के सफाई कर्मी गौतम वाल्मीकि की हत्या का संदेह परिवार वालों ने लेनदेन के चलते मोहल्ले के ही ज्योति स्वरूप पर जताया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर ज्योति स्वरूप के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है, लेकिन घटना के दूसरे दिन भी पुलिस की जांच किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस ने दो बिंदुओं लेन देन और एक्सिस बैंक से लिए गए तीन लाख रुपये के लोन पर अपनी जांच तेज कर कर दी है। हालांकि प्रारंभिक जांच में लेनदेन की बात पुलिस के गले नहीं उतर रही है।
मोहल्ला हाथीपुर की बैंड वाली गली निवासी गौतम वाल्मीकि की शुक्रवार को धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मृतक गौतम वाल्मीकि अपने बड़े भाई धनीराम के साथ मकान के अपने हिस्से में रहते थे। सरेशाम हत्या से मोहल्ले में सनसनी फैल गई थी। मृतक के भाई रामनरायन का कहना है कि उसके भाई का मोहल्ले के ही ज्योति स्वरूप से लाखों रुपये का लेनदेन चलता था। उन्होंने आशंका जताई कि ज्योति स्वरूप ने ही उसके भाई की हत्या की है। रामनरायन की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार की देर रात संदेह के आधार पर ज्योति स्वरूप के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर कर ली। हालांकि पुलिस अब तक ज्योति स्वरूप को नहीं पकड़ सकी है। सीओ सिटी एमपी सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक गौतम ने एक्सिस बैंक से तीन लाख रुपये का लोन लिया था। पैसे को लेकर परिवार के ही एक व्यक्ति से उसकी कहासुनी हुई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस मृतक के भाई द्वारा बताई गई कहानी और बैंक से लोन लिए गए रुपये को लेकर भी अपनी जांच कर रही है। इन दोनों बिंदुओं में से लोन वाले बिंदू से कुछ महत्वपूर्ण क्लू मिले हैं, जिनकी पुलिस पड़ताल कर रही है।