एक बार फिर रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई, जब भाभी से अवैध संबंध बीवी की मौत की वजह बन गए। चार दिन पहले शुक्रवार को कुसभरिया गांव निवासी अनुदेशक शिक्षक गोपाल शुक्ला की पत्नी सुनीता की गोली मारकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर उसका चालान कर दिया है।
एसओ शिवानंद यादव ने मामले का खुलासा करते हुए बताया हत्यारोपी पति गोपाल शुक्ला के अपनी भाभी से अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर गोपाल और सुनीता के बीच अक्सर तकरार होती रहती थी। घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इससे गुस्साए शराब के नशे में धुत गोपाल शुक्ला ने तमंचे सेसुनीता के पेट में गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद तमंचे को घर के बाहर लगे अमरूद के पेड़ के नीचे छिपाकर फरार हो गया था। एसओ ने बताया रविवार की रात सूचना मिली गोपाल अपने घर पर मौजूद है। इस पर वह हमराहियों के साथ घेराबंदी कर उसे घर पर ही दबोच लिया। पुलिस का दावा है पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। इस मामले में जिला सीतापुर के कमलापुर थाना के गांव पतारा खुर्द निवासी मृतका के भाई बृजेश मिश्रा ने गोपाल पर बहन की हत्या करने का मुकदमा दर्ज करया था।