थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर में एक महिला ने गृह कलह से तंग आकर खुद को आग ली, जिससे उसका घर धू-धूकर जलने लगा। इसकी चपेट में आकर पड़ोस के छह घर जलकर स्वाहा हो गए। गंभीर रूप से जली महिला को इलाज के लिए सीएचसी बेहजम भेजा गया, जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
सोमवार की दोपहर करीब एक बजे रसूलपुर निवासी छोटेलाल की 40 वर्षीय पत्नी सरोजनी ने खुद को आग लगा ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पड़ोस में रहने वाले कमलेश, छोटे, गया प्रसाद, पुत्तु, सुकई और जगदीस के घरों को भी जला कर राख कर दिया है। इनके घरों में साइकिल, अनाज, कपडे़, चारा मशीन आदि घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आत्महत्या के प्रयास में अधजली सरोजनी ने बाद में फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया, जिसे देख ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर उसे बचा लिया। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ मिथिलेश दीक्षित, एसओ जावेद अख्तर तथा राजस्व विभाग के रामदत्त, रामेंद्र अवस्थी, गौरव गुप्ता ने जांच कर आगजनी से हुई क्षति कि रिपोर्ट शासन को भेज दी है।