ग्राम मटहिया में बुधवार को रात आठ बजे घर के बाहर खेल रही सात वर्षीय
बच्ची की डनलप से दबकर मौत हो गई। मौत से घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने
पंचनामा भर कर शव घरवालों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद उसका अंतिम संस्कार
कर दिया गया।
क्षेत्र के गांव मटिहया निवासी सुरजीत कुमार की कक्षा एक
में पढ़ने वाली सात वर्षीय पुत्री रीना बुधवार की रात आठ बजे घर के बाहर
लगे बिजली के खंभे के पास खेल रही थी। सुरजीत का डनलप दरवाजे पर ही खड़ा
था। पड़ोसी राजकुमार के यहां मिट्टी डालने के लिए एक व्यक्ति ट्रैक्टर
ट्रॉली से आया था। रास्ते से जब तक सुरजीत ट्रैक्टर को निकालने के लिए डनलप
को हटाता उससे पहले ही ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने डनलप में टक्कर मार दी।
इससे डनलप बढ़ गया और खंभे के पास बैठी बच्ची की दबकर मौत हो गई। उसकी मौत
से घर में कोहराम मच गया और मां सरोजनी देवी, पिता सुरजीत, भाई शिवम तथा
बहन शांति को रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उधर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार
हो गया। सूचना पाकर चौकी इंचार्ज संदीप यादव दलबल के साथ गांव पहुंचे और
लोगों के गुस्से को शांत कराकर ट्रैक्टर ट्रॉली गांव के एक व्यक्ति के यहां
सुरक्षित खड़ा करवाई। चौकी इंचार्ज संदीप यादव ने बताया कि दोनों पक्षों
में ग्राम प्रधान राधिका देवी के समक्ष समझौता हो गया। पंचनामे के बाद
बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।