गांव बिनौरा में रंजिश के चलते सात एकड़ गन्ना और लाही की फसल में रंजिशन आग लगाकर जलाने वाले तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बिनौरा ग्राम प्रधान के पति ने बताया कि आरोपियों ने रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
ग्राम पंचायत बिनौरा के प्रधान के पति नुरूल ने बताया कि गांव के पड़ोस में चार एकड़ गन्ने की फसल लगी है। बुधवार दोपहर किसी ने उसमें आग लगा दी, जिससे पूरा गन्ना जलकर राख हो गया। आग की चपेट में पड़ोसी उस्मान के खेत में खड़ा एक एकड़ गन्ना तथा दो बीघा लाही की फसल भी चपेट में आ गई। आग लगाते हुए बबलू, रसीउल्ला ने गांव के दो लोगों को देखा और उनको पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भाग निकले। नुरूल के पिता अहीदुल ने गांव के ही मेराज, नौशाद और मिस्बाहुद्दीन के खिलाफ खेत में आग लगाने, गाली देने और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नुरूल ने बताया कि प्रधानी के चुनाव को लेकर गांव के कुछ लोग रंजिश मानते हैं, जिसको लेकर उन लोगों ने घटना को अंजाम दिया। उस्मान ने बताया कि वह अपनी बेटी की शादी करना चाहता था, लेकिन सारा गन्ना जल जाने के कारण वह अब उसकी शादी कैसे करेगा।