ऐशबाग से इज्जतनगर (बरेली) जा रही 15310 रुहेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन खीरी टाउन और लखीमपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्थित गेट संख्या 110 के पास मानपुर गांव की मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही गन्ने से भरी ट्रॉली के पिछले हिस्से से टकरा गई। जिससे ट्रॉली क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि पूरी ट्रॉली रेल लाइन पार कर चुकी थी अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। चालक ने ट्रैक्टर से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। जांच पड़ताल के कारण करीब एक घंटे बाद ट्रेन रवाना हो सकी। आरपीएफ ने रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव लाहौरीनगर निवासी रंजीत कुमार मानपुर गांव से ट्रॉली में गन्ना भरकर हरगांव चीनी मिल जा रहे थे। बुधवार दोपहर करीब 12.15 बजे वह मानपुर की मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग को पार कर रहा था। उसी समय लखनऊ की ओर से रुहेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। ट्रेन ने ट्रॉली के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। ट्रेन की टक्कर लगने पर रंजीत ट्रैक्टर से कूद गया। ट्रॉली में लदा गन्ना बिखर गया। सूचना पर आरपीएफ चौकी इंचार्ज लखीमपुर खुशीराम रावत ने टीम के साथ पहुंचकर जांच की और ट्रैक्टर चालक रंजीत के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया।
हादसे के कारण फंसे राज्यमंत्री
मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर हुए इस हादसे के कारण राजापुर की रेलवे क्रॉसिंग काफी देर बंद रही। जिला योजना की बैठक में भाग लेने के लिए आ रहे राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद का काफिला जाम में फंस गया। इससे उन्हें दूसरे रास्ते से लखीमपुर आना पड़ा।
दुर्घटना से दो घंटे लेट हुई रुहेलखंड एक्सप्रेस
मैलानी। लखीमपुर और खीरी के बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा जाने के कारण रुहेलखंड एक्सप्रेस दो घंटा लेट हो गई। इस ट्रेन का यहां पहुंचने का समय दिन में एक बजे है। लेट होने की वजह से यह ट्रेन अपराह्न तीन बजे यहां पहुंची।