साइकिल से स्कूल जाते समय हुआ हादसा
लखीमपुर रोड़ स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास स्कूल जा रही13 वर्षीय छात्रा रुचिराज की साइकिल में रोडवेज बस चालक ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गई। आनन-फानन में छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उधर भैंस से टकराकर सिकंद्राबाद चौराहा के पास बाइक सवार दंपति घायल हो गए।
गांव भल्लिया बुजुर्ग निवासी रमेशचंद की पुत्री 13 वर्षीय रुचिराज नगर के सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में कक्षा छह की छात्रा थी। वह मंगलवार की सुबह साइकिल से कॉलेज जा रही थी। लखीमपुर रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के पास उत्तराखंड की रोडवेज बस की चपेट में आकर घायल हो गई। राहगीरों ने छात्रा की यूनिफार्म का मोनोग्राम पहचान कर कॉलेज के प्रधानाचार्य महेंद्र कुमार त्रिपाठी और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे प्रधानाचार्य ने छात्रा को सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंचे घर वाले डॉक्टर के रेफर करने के बाद उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही शिक्षकों और विद्यार्थियों में शोक छा गया। प्रधानाचार्य ने बताया कि 24 अगस्त बुधवार को कॉलेज में अवकाश रहेगा। उधर गांव माझा निवासी 30 वर्षीय दिनेश कुमार पीलीभीत जिले के सुल्तानपुर ढौटिया गांव स्थित अपनी ससुराल से पत्नी दीपकुमारी और पुत्री खीरवती, देवकी और एक वर्षीय दुधमुंहे बच्चे के साथ बाइक से घर वापस आ रहे थे। सिकंद्राबाद चौराहे से पहले सड़क पर अचानक आई भैंस से बाइक टकरा गई। जिससे बाइक सवार दंपति घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया है।