परिवार समेत राइस मिल को बम से उड़ाने की धमकी
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
फोन पर मिली धमकी से परिवार में दहशत
तिकुनियां स्थित राइस मिल मालिक धीरज मित्तल के मोबाइल पर अज्ञात युवक ने काल कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी, रुपये न देने पर परिवार समेत बम से उड़ा देने की धमकी दी है। धमकी मिलने के बाद से मिल मालिक और उनका परिवार दहशत में हैं। पुलिस ने मिल मालिक की ओर से अज्ञात के खिलाफ रंगदारी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सगे भाइयों धीरज मित्तल और नीरज मित्तल की तिकुनियां में ही राइस मिल है। सोमवार की सुबह धरीज मित्तल के मोबाइल पर एक अंजान नंबर से काल आई। उनके फोन रिसीव करते ही कॉल करने वाले व्यक्ति ने 50 लाख रुपये देने को कहा। रुपये न देने पर राइस मिल को उसके परिवार समेत बम से उड़ा देने की धमकी दी। मिल मालिक धीरज ने मामले को मजाक में लिया और अपने काम में लग गए। कालकर्ता ने करीब एक घंटे बाद दोबारा उसी नंबर से नीरज को फोन किया। नीरज ने जब उससे नाम पूछा तो उसने होशियारी दिखाने पर धमकी देते हुए काल काट दी। दोबारा काल आने से मिल मालिक और उनका परिवार दहशत में आ गया। मिल मालिक कई व्यापारियों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी वाकया बताया। कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात के खिलाफ रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज की है। नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय गर्ग ने बताया कि व्यापारियों को लगातार धमकियां मिल रही हैं और कोतवाली पुलिस कुछ नहीं कर रही है। शीघ्र ही मामले का खुलासा नहीं हुआ तो व्यापार मंडल आंदोलन को मजबूर होगा। कोतवाली निरीक्षक जयकरन ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--
किराना व्यापारी को भी मिली थी कई बार धमकी
तिकुनियां कस्बा स्थित किराना व्यापारी कृष्ण कुमार गोयल को 20 मई 16 को अज्ञात चिट्ठी भेज कर 25 लाख की रंगदारी मांगी गई थी और न देने पर उनको भी बम से उड़ाने की धमकी दी थी। इसके बाद नौ सितंबर को व्यापारी के बेसिक फोन पर भी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर दूसरी बार 25 लाख की रंगदारी मांगी थी, पुलिस दोनों मामलों का अब तक खुलासा नहीं कर सकी है।