मैगलगंज थाना क्षेत्र के औरंगाबाद चौकी इलाके के ढखिया देवी गांव में महिला की हत्या एवं युवक की आत्महत्या करने के मामले में वादी की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें आरोपी के साढू को भी शामिल किया गया है।
चौकी औरंगाबाद के ढखियादेवी गांव में बीते 19 फरवरी की रात नरेंद्र वाजपेयी और उसकी पत्नी रोहिणी के संदिग्ध हालात में शव मिले थे। दंपति के शव उसके घर के पास अंबुज वाजपेयी के बाड़े में मिले थे। मौत के कारणों से परदा हटाने के लिए मृतकों का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल से कराया गया, जिसमें महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। जबकि युवक के स्वयं आत्महत्या करने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मृतका रोहिणी के भाई वेदप्रकाश अवस्थी निवासी बेलामऊ थाना इमलिया सुल्तानपुर जिला सीतापुर की तहरीर पर सतेंद्र वाजपेयी, राजपाल वाजपेयी, मानू वाजपेयी और इनके साढू निवासी अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में निरीक्षक विजय प्रताप यादव ने बताया कि महिला की हत्या करने के बाद उसके पति ने स्वयं आत्महत्या कर ली होगी। फिर भी मामले की जांच कराई जा रही है।