मितौली थाना के एक गांव का मामला, पुलिस ने पीड़ित युवती का मेडिकल परीक्षण कराया
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने ससुराल आए युवक पर रेप का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पीड़ित युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने पर जांच आगे बढ़ेगी।
पीड़ित युवती ने तहरीर में बताया है कि वह 17 मार्च की सुबह शौच के लिए खेत गई थी, तो वहां पहले से मौजूद सीतापुर के महोली थाना के गांव कुंवरपुर निवासी सोबरन ने उसे जबरन पकड़ लिया। इसके बाद गन्ने के खेत में ले जाकर रेप किया। घटना को अंजाम देकर वह मौके से भाग निकला। इस दौरान पीड़िता ने शोर मचाया, लेकिन आसपास कोई ग्रामीण मौजूद न होने के चलते उसे कोई मदद नहीं मिल सकी। सीओ मितौली निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि आरोपी की ससुराल पीड़िता के घर के सामने ही है। इसलिए आरोपी का यहां अक्सर आना-जाना लगा रहता है। पीड़िता और आरोपी स्वजातीय हैं। दोनों पक्षों में पहले समझौते की कोशिश होती रही, लेकिन बाद में पीड़िता के परिवार वालों ने तहरीर दी, जिस पर मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है, परीक्षण रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता को जल्द ही बयान के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा।