गांव धर्मापुर के ग्रामीणों ने चोरी करने के शक में एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी युवक को निघासन पुलिस के हवाले कर दिया है। पीड़ित महिला ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
गांव धर्मापुर निवासी जहीदुननिशां ने बताया कि आधी रात के बाद चोर उसके घर में घुस गए और 20 हजार रुपये की नकदी समेत करीब 80 हजार रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। रात करीब ढाई बजे जब उनकी आंख खुली तो देखा की घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा हुआ था। जिस पर उन्होंने शोरशराबा किया। शोर होने पर तमाम ग्रामीण एकत्र हो गए और चोरों की खोजबीन करने लगे। इस दौरान गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक गन्ने के खेत के पास एक युवक संदिग्ध हालात में बैठा दिखाई पड़ा। ग्रामीणों ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने गांव निवासी इकलाख के दाएं पैर पर चाकू से वार कर घायल कर दिया और भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस को बाइक समेत युवक को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी युवक ने अपना नाम यूसुफ निवासी डंडूरी थाना निघासन बताया है। उसने अपने दो अन्य साथियों के भी नाम बताएं हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।