सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव कोरैयापुरवा के एक घर में चार बदमाश खुद को पुलिसवाला बताकर घर में घुस गए और दंपति को पीटकर करीब 20 हजार की संपत्ति लूट ली। लोगों के शोर मचाने पर बदमाश फरार हो गए। इसके बाद बदमाशों ने करीब एक किमी दूर स्थित हैदरपुर गांव में दो घरों से लूटपाट का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के एकजुट होकर ललकारने पर बदमाशों को भागना पड़ा। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग भी की, जिसमें गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोरैयापुरवा गांव निवासी मुकेश वर्मा शनिवार की रात को घर के बाहर सो रहा था। रात करीब दो बजे चार बदमाश आए और खुद को पुलिस वाला बताकर उसे जगाया। फिर उसे सिर पर डंडे और तमंचे की बट से प्रहार कर घायल कर दिया। उसकी चीख सुनकर पत्नी कांति ने दरवाजा खोल दिया तो बदमाशों ने उसकी भी पिटाई कर सोने की लर, कुंडल और पायल लूट ली। तभी मुुकेश की भाई मधुराम ने शोर मचा दिया, जिससे घबराकर बदमाश भाग निकले। इसके बाद बदमाशों ने पड़ोस के गांव हैदरपुर निवासी अजीत वर्मा और पप्पू पासी के घरों पर धावा बोलकर लूट का प्रयास किया। इस दौरान शोर मच जाने के कारण ग्रामीण एकजुट होकर बदमाशों को ललकारने लगे, तो बदमाशों ने भागने में ही भलाई समझी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें 18 वर्षीय रामसागर पासी गोली लगने से घायल हो गया। सूचना पाकर सदर कोतवाली पुलिस और सीओ सिटी एमपी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैै। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गुलाब शंकर पांडेय ने बताया कि एक घर में बदमाशों ने लूटपाट की है, लेकिन दो अन्य घरों में लूट करने में सफल नहीं हो पाए। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।