रोडवेज चौकी के पीछे हुई मारपीट, चालक लहूलुहान, पुलिस रही नदारद
शुक्रवार की सुबह डिपो से बगैर नंबर के यात्री बैठाकर बस ले जाने के मामले में दो अलग-अलग बसों के चालक-परिचालक आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते चालक-परिचालक में मारपीट होने लगी, जिससे डिपो में मौजूद यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। मारपीट में चालक लहूलुहान हो गया। हालांकि इस दौरान रोडवेज चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी भी नदारद रहे। घायल चालक के बस मालिक ने रोडवेज चौकी पर तहरीर दी है।
लखीमपुर डिपो की बस के घायल चालक पिंकू मिश्रा का कहना है कि शुक्रवार की सुबह उसकी बस नंबर में खड़ी थी। इस दौरान डिपो के ही परिचालक सुशील त्रिपाठी ने अपनी बस आगे लगा दी और यात्रियों को आवाज देकर अपनी बस में बैठाने लगे, इसका विरोध करने पर सुशील गाली देने लगा। हालांकि डिपो में मौजूद लोगों का कहना था कि गाली गलौज करते हुए चालक-परिचालक आपस में मारपीट करने लगे। दोनों की मारपीट से बस अड्डे पर अफरा तफरी मच गई और करीब आधा घंटे तक दोनों में मारपीट होती रही। इस दौरान रोडवेज पुलिस चौकी के पुलिस कर्मी भी नदारद रहे। मारपीट में चालक पिंकू मिश्रा का हाथ लहूलुहान हो गया। वहीं चालक ने परिचालक सुशील त्रिपाठी पर अंगुली में काट लेने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंचे पिंकू मिश्रा की बस के मालिक पवन मिश्रा ने पुलिस को तहरीर देकर परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मारपीट की जानकारी नहीं है। वैसे नंबर से ही बसें रूट पर जानी चाहिए, यदि परिचालक बगैर नंबर के यात्रियों को बैठा रहा था, तो मामले की जानकारी करके उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वीके गोस्वामी, एआरएम