पार्क प्रशासन ने की कार्रवाई
दुधवा नेशनल पार्क के मसानखंभ जंगल से तस्करी के लिए नेपाल ले जाए जा रहे 15 छोटे-बड़े कछुए पार्क प्रशासन ने बरामद किए हैं। उनके मुताबिक इसके साथ ही एक युवक को भी पकड़ा है। उसका वन्यजीव अधिनियम के तहत चालान भेज दिया गया है।
पार्क की मसानखंभ रेंज के पार्क कर्मी गश्त पर थे इस दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को कुछ हाथ में लिए हुए जंगल की ओर जाते देखा। उनके मुताबिक उन्होंने उसे रोक कर तलाशी ली तो उसके पास से 15 छोटे और बड़े कछुए बरामद हुए। पार्क कर्मियों ने फौरन उसे बरामद कछुओं समेत हिरासत में ले लिया और कार्यालय ले आए। यहां उन्होंने उसके खिलाफ वन्यजीव अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। पार्क प्रशासन के मुताबिक पकड़ा गया व्यक्ति चंदनचौकी के ग्राम जयनगर निवासी बंधू पुत्र रंगी है।
आदिवासी महिलाओं का पार्क मुख्यालय पर हंगामा
अधिकारियों से नोकझोंक, आरोप फर्जी है कार्रवाई
छुओं के संग पकड़े गए व्यक्ति को छुड़ाने के लिए तमाम आदिवासी महिलाएं पार्क मुख्यालय पहुंचीं और वहां जमकर हंगामा किया। उनकी अधिकारियों से भी नोंकझोंक हुई। महिलाएं कार्रवाई को फर्जी बताकर आरोपी छोड़ने की मांग कर रहीं थीं। जानकारी पर तहसीलदार भी पहुंचे और उनको शांत कराया।
बंधू के कछुओं के साथ पकड़े जाने को पार्क प्रशासन की फर्जी कार्रवाई बताते हुए तमाम आदिवासी महिलाएं पलिया पार्क मुख्यालय पहुंची और यहां हंगामा किया। उन्होंने यहां वार्डेन एनके उपाध्याय को बाहर निकाल लिया और उनसे खूब तू तू मैं की। जानकारी पाकर तहसीलदार रामप्रकाश और नायब तहसीलदार धनश्याम मुख्यालय पहुंचे और नाराज आदिवासियों से वार्ता की। उन्होंने तहसीलदार से कहा कि पार्क प्रशासन की यह कार्रवाई फर्जी है। इस पर तहसीलदार ने वार्डेन से वार्ता की और इसमें जांच करने की बात तय हुई। तहसीलदार ने यही बात बताकर आदिवासियों को शांत कराया। इस दौरान पलिया, गौरीफंटा पुलिस भी जमी रही। आरोपी के पुत्र ने तहसीलदार को एक पत्र भी सौंपा है।