शराब पीकर कुन्नू के साथ चोरी-लूट करता था लालजी
हत्यारोपी दोनों सगे भाइयों का भेजा चालान
कभी जिगरी दोस्त रहे शातिर बदमाश लालजी और कन्नी शराब पीने के बाद योजना बनाते थे। बाद में अन्य साथियों की मदद से लूट-चोरी की घटना को अंजाम देते थे। लूटी गई साइकिल के पैसे के बंटवारे को लेकर की गई पिटाई से नाराज कन्नी अपने साथी लालजी का जान का दुश्मन बन गया था। इसी के चलते उसने शनिवार की देर शाम लालजी की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी थी।
ईसानगर थाना क्षेत्र के लोनियनपुरवा निवासी लालजी और लोधनपुरवा निवासी कन्नी आपस में गहरे दोस्त थे। दोनों एक साथ शराब पीते और चोरी लूट जैसे अपराध करते थे। दो माह पूर्व ईसानगर बरारी मार्ग पर कई साइकिलें और बरारी के किसान से 60 हजार रुपये लूटे थे। जिसमें लालजी तो जेल गया, लेकिन उसका साथी कन्नी जेल जाने से बच गया था। एसओ शिवानंद यादव मुताबिक जेल से छूटने के बाद लालजी पैसे मांगने कन्नी के पास गया, लेकिन उसने पैसा नही दिया। जिस पर लालजी ने कन्नी की जमकर पिटाई कर दी थी। शनिवार को भी वह पैसे मांगने गया था। बात बढ़ी तो कन्नी ने अपने भाई अच्छे लाल के साथ मिलकर पहले लालजी की पिटाई की। बाद में कुल्हाड़ी से वार कर मार डाला। एसओ शिवानंद यादव नें बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी सगे भाइयों को पुलिस ने चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया।