नेशनल हाईवे पर स्थित गांव चपरतला में चोरों ने एक मोबाइल की दुकान का ताला तोड़ दिया। चोर उसमें रखा लैपटॉप, मोबाइल समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। दुकान स्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कस्बा निवासी नैमिष ने बताया कि उसकी नेशनल हाईवे पर चपरतला में मोबाइल की शॉप है। सोमवार की शाम दुकान बंद कर वह घर चला गया। रात में चोरों ने शटर में पड़े ताले तोड़ दिए और उसमें रखी 18 सौ रुपये की नकदी, एक लैपटॉप, रिचार्ज कूपन और दुकान में रखे कीमती मोबाइल चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब वह दुकान पहुंचा तो सभी ताले टूटे मिले। यह देख उसके होश उड़ गए। चोरी की सूचना पर तमाम लोगों की भीड़ लग गई। दुकानदार ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। इंस्पेक्टर विपिन कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।