साढ़े चौतीस लाख रुपये का गोलमाल उजागर
एडीओ पंचायत कुंभी (गोला) ने जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर एक ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ साढ़े चौतीस लाख रुपये के धन के दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए मोहम्मदी कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच अमीरनगर चौकी प्रभारी को सौंपी है।
पुलिस के अनुसार जिला पंचायत राज अधिकारी और एडीओ पंचायत रामजीवन मिश्रा ने ग्राम विकास अधिकारी बस्तौली सरदार सिंह राना के खिलाफ जांच की थी जिसमें पाया गया कि राना ने गांव में 329 के सापेक्ष 49 शौचालय ही बनवाए जबकि 206 शौचालय अधूरे और 74 में काम ही नहीं शुरू हुआ।
अधिकारियों ने इस संबंध में राना से स्पष्टीकरण मांगा तो उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया जिस पर अधिकारियों ने मामले की सूचना मुख्य विकास अधिकारी खीरी को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्देश दिया। जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर एडीओ पंचायत ब्लाक कुंभी (गोला) रामजीवन मिश्रा ने मोहम्मदी कोतवाली में 34 लाख 56 हजार रुपये धन के दुरुपयोग संबंधी तहरीर दी। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए सरकारी धन के दुरुपयोग आदि धाराओं में ग्राम विकास अधिकारी सरदार सिंह राना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच अमीरनगर चौकी प्रभारी को सौंपी गई है।