स्कूल से अचानक लापता हुए डानबास्को स्कूल के कक्षा पांच में पढ़ने वाले दो छात्रों को पुलिस ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित बलरामपुर हॉस्पिटल के पास से बरामद कर लिया है। बृहस्पतिवार को दोनों छात्र छुट्टी के समय स्कूल के पिछले गेट से निकल कर लखीमपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से दोनों ट्रेन पर सवार होकर लखनऊ चले गए थे।
सीओ सिटी एमपी सिंह के मुताबिक रानीगंज निवासी रामजी शर्मा का 10 वर्षीय पुत्र जय शर्मा और मोहल्ला शिवकॉलोनी निवासी बृजेश कुमार राय का 10 वर्षीय पुत्र प्रखर राय डॉनबास्को में कक्षा पांच के छात्र हैं। बृहस्पतिवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों छात्र अपने-अपने घर नहीं पहुंचे। इस कारण घरवालों ने उनकी तलाश शुरू की। देर शाम तक जब दोनों का पता नहीं चला तो रात करीब साढ़े आठ बजे घरवाले सदर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। तहरीर पर पुलिस ने दोनों की गुमशुदगी दर्ज कर ली।
सीओ सिटी ने बताया कि परिवारीजनों की सूचना पर रात में ही पुलिस को सक्रिय किया गया। इस बाबत लखनऊ पुलिस को भी सूचित किया गया। रात में ही कोतवाली के सिपाहियों को लखनऊ भेजा गया, जहां बलरामपुर हॉस्पिटल के पास दोनों छात्र सड़क पर घूमते दिखाई दिए। छात्रों को बरामद कर उनके घरवालों के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि छात्रों से पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों छात्रों ने आपस में बातचीत की और स्कूल की छुट्टी के बाद पिछले गेट से निकल कर रिक्शे से रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां प्लेटफार्म पर खड़ी ट्रेन में सवार होकर लखनऊ सिटी स्टेशन पहुंचे। इसके बाद दोनों छात्र घूमते हुए बलरामपुर हॉस्पिटल के पास पहुंच गए।