एक ही रात में शहर के बीचोबीच कक्कड़ चौराहा और गढ़ी रोड पर पान विक्रेता सहित दो लोगों से मारपीट कर बदमाशों ने तमंचा दिखाकर 17 हजार की नगदी, सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। पुलिस ने लूट की एक घटना दर्ज कर ली लेकिन दूसरे पीड़ित को टरका दिया है।
सीमावर्ती गांव गढ़ी निवासी संगीत कुमार की मेला ग्राउंड के पास वर्षों पुरानी पान की दुकान है। रात करीब 10 बजे संगीत अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे तभी, तभी गढ़ी रोड पर चूना भट्ठी के पास उन्हें पांच हथियार बंद बदमाशों ने घेर लिया और तमंचा दिखाकर मारपीट कर पांच हजार की नगदी, सोने की अंगूठी और मोबाइल फोन लूट लिया। रात में ही संगीत कुमार ने मिश्राना पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी है। वहीं हाथीपुर मोहल्ला निवासी इश्तियाक अली घर से शहर में किसी काम से आए थे। रात करीब 11 बजे लौटते समय कक्कड़ चौराहे पर बाइक सवार बदमाशों ने घेर लिया। इश्तियाक के मुताबिक बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उससे 12 हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन लूट लिया। शहर कोतवाल शिवशंभू किशोर जायसवाल ने बताया कि इश्तियाक की तहरीर पर रात में लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। बदमाशों की तलाश की जा रही है जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।